https://www.facebook.com/UttarakhandDIPR
देश-विदेश

बिजली कनेक्शन को लेकर दो गुटों में विवाद, जमकर चले लाठी-कुल्हाड़ियां, पिता-पुत्र की मौत, 6 लोग घायल

सीहोर: जिले के आष्टा तहसील के ग्राम भंवरा में रविवार देर रात ट्रांसफॉर्मर कनेक्शन के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। विवाद में एक ही परिवार के दो गुटों के बीच लाठी और फरसे चलने से पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से आरोपित फरार हैं। पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है मामला ?

मामला गांव के ट्रांसफॉर्मर से अधिक मोटर चलाने को लेकर शुरू हुआ। ग्राम भंवरा में हरसपुर कुंडीखाल रोड पर ओमप्रकाश और मोर सिंह सूर्यवंशी का हंसराज सूर्यवंशी के साथ डीपी (डिस्ट्रीब्यूशन पॉइंट) पर बिजली के तार जोड़ने को लेकर विवाद हो गया। यह मामूली विवाद धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी और फरसे से हमला कर दिया।

पिता-पुत्र की मौत

इस झगड़े में मोर सिंह सूर्यवंशी (50) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके पिता शेर सिंह (70) ने इलाज के दौरान सीहोर के अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक पिता-पुत्र के अलावा छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

9 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर

पुलिस को घटना की सूचना रविवार रात करीब 1:30 बजे मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। एसडीओपी आकाश अमलकर ने बताया कि घटना में 9 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी है।

सीहोर के एसपी दीपक शुक्ला ने बताया कि यह घटना बिजली कनेक्शन को लेकर आपसी विवाद के चलते हुई। उन्होंने बताया कि विवाद में पिता-पुत्र की मौत हुई है और अन्य 6 लोग घायल हैं। घटना के बाद आरोपी फरार हैं। पुलिस द्वारा उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Advertisement
     

Related Articles

Back to top button