https://www.facebook.com/UttarakhandDIPR
उत्तराखंड

Uttarakhand News: धामी सरकार ने दी विकास कार्यों को रफ्तार, प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 26 निर्माण कार्यों के लिए 22.15 करोड़ रुपये मंजूर…..

देहरादून. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 26 विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए 22 करोड़ 15 लाख 32 हजार की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया है. इनमें सड़क एवं नाली निर्माण, सुरक्षात्मक कार्य, तारबाड़, धार्मिक एवं मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, हैंडपंपों की स्थापना तथा विद्युत संबंधी कार्य शामिल हैं.

मुख्यमंत्री ने जनपद देहरादून के विधानसभा क्षेत्र मसूरी में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 8.96 करोड़ की स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया है. इनमें आरकेडिया के मिठ्ठी बेहड़ी में आंतरिक सड़क, नाली निर्माण एवं सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 89.44 लाख, कैनाल रोड जाखन नगर के वार्ड संख्या 7 के लिए 82.29 लाख, मालसी के वार्ड संख्या 1 के लिए 60.91 लाख, गढ़ी कैंट के वार्ड संख्या 6 नागेश्वर के लिए 78.92 लाख तथा वार्ड संख्या 7 संजय विहार के लिए 39.97 लाख शामिल हैं.

इसी प्रकार गढ़ी कैंट के वार्ड संख्या 5 टपकेश्वर के लिए 62.36 लाख, वार्ड संख्या 4 रोजपुर रोड के लिए 84.48 लाख, वार्ड संख्या 6 दून विहार के लिए 96.75 लाख, वार्ड संख्या 10 डोभालवाला के लिए 76.62 लाख, घोरणखास के लिए 79.71 लाख, वार्ड संख्या 12 किशननगर के लिए 50.08 लाख तथा वार्ड संख्या 11 विजय कॉलोनी के लिए 94.65 लाख की स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया गया है. इन सभी स्थानों पर आंतरिक सड़कों, नालियों के निर्माण एवं आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य किए जाएंगे.

जनपद पिथौरागढ़ में चार कार्यों के लिए 3.44 करोड़ की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है. इनमें डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम सभा लीमा टोडा में सीसी मार्ग निर्माण के लिए 86.45 लाख, धारचूला के ग्राम गटघोरगाड़ी में नौलिंग मेला स्थल निर्माण के लिए 79.49 लाख, पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड विण की ग्राम सभा उपरतोला में आंतरिक मार्ग निर्माण के लिए 84.94 लाख औऱ डीडीहाट की ग्राम पंचायत खोलीमाली कन्यूरी में खड़ंजा, सीसी मार्ग, पुलिया एवं सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 93.64 लाख शामिल हैं.

जनपद अल्मोड़ा में सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ताकुला मंडल में सूअर रोधक तारबाड़ के लिए 45.63 लाख औऱ जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में दन्या के पास सिद्धेश्वर मंदिर उधाण के सौंदर्यीकरण के लिए 97.08 लाख की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है. मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 58.248 लाख की प्रथम किस्त का शासनादेश भी जारी किया गया है. जनपद चम्पावत में ग्राम मटेला के राजस्व ग्राम भगीनाखेत स्थित भौलेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख, ग्राम पंचायत खटोली के भगवती मेला स्थल के लिए 50 लाख तथा ग्राम पंचायत बुगाख्याली के भागेश्वर मेला स्थल के लिए 25 लाख की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति संबंधी शासनादेश जारी किए गए हैं. इसके अतिरिक्त लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ठांटा में ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण, दर्शक दीर्घा एवं ध्यान केंद्र निर्माण के लिए 97.10 लाख की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है.

जनपद टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में विकासखंड कीर्तिनगर स्थित चौकी महादेव शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए 67.87 लाख की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है. जनपद हरिद्वार में पेयजल सुविधाओं के विस्तार के अंतर्गत झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में 50 हैंडपंप लगाने के लिए 99.44 लाख और लक्सर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 50 हैंडपंप स्थापित करने के लिए 123.46 लाख की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है. जनपद पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए विद्युत पोल स्थापना, लाइन निर्माण एवं लाइन शिफ्टिंग के कार्यों के लिए 344.04 लाख की स्वीकृति का अनुमोदन किया गया है.

Advertisement
     

Related Articles

Back to top button