देश-विदेश

कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, सर्द हवाओं के साथ मौसम होगा और ठंडा

दिल्ली एनसीआर समेत देशभर में मौसम में बदलाव हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली एनसीआर का मौसम करवट लेने वाला है। आज से तापमान में गिरावट होने की संभावना है। साथ ही ठंड भी बढ़ेगी। सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

वहीं बिहार में भी हांड कंपा देने वाली ठंड जल्द ही शुरू होने वाली है। यूपी में आज भी मौसम शुष्क होने के आसार हैं। दो दिनों में तापमान एक बार फिर से कम होगा जिसकी वजह से ठंड में बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 25 नवंबर को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा देखने को मिलेगा।

हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में आज सुबह कई इलाकों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं दक्षिण भारत में भी कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है।

तमिलनाडु, पुडुचेरी में तेज बारिश का अलर्ट
आज तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग की तरफ से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 26 नवंबर को भी तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में तेज बारिश का अलर्ट है। 27 नवंबर की अगर बात करें तो 27 को तमिलनाडु, पुडुचेरी , कराईकल, केरल, माहे, यनम और तटीय आंध्र प्रदेश में बारिश का अलर्ट है।

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी
वहीं राजस्थान की अगर बात करें तो राजस्थान में कड़ाके की सर्दी पड़ने लगी है। राज्य के सभी हिस्सों में तापमान में गिरावट के साथ ठंडी हवाएं चल रही हैं। बीते कुछ दिनों से राज्य में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। जयपुर भी सर्दी की चपेट में है। शनिवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में जयपुर में तापमान में और गिरावट होने की संभावना है।
 

Advertisement
     

Related Articles

Back to top button