
किताबी ज्ञान से रोजगारपरक दक्षता की ओर बढ़ते कदम, युवाओं के भविष्य को संवारेगी इंटर्नशिप नीति-2026…
रायपुर: छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण, व्यावहारिक और रोजगारोन्मुखी बनाने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर नए कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा के मार्गदर्शन में प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था को समय की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने की पहल की जा रही है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप तैयार की गई इंटर्नशिप नीति-2026 प्रदेश के युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस नीति से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ वास्तविक कार्यक्षेत्र का अनुभव प्राप्त करने और अपनी प्रतिभा एवं कौशल को निखारने का अवसर मिलेगा।
युवाओं को चुनौतियों का सामना करने सक्षम, कुशल और आत्मनिर्भर बनाना है
उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि उच्च शिक्षा का उद्देश्य केवल उपाधि प्रदान करना नहीं, बल्कि युवाओं को जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए सक्षम, कुशल और आत्मनिर्भर बनाना भी है। इंटर्नशिप नीति-2026 के माध्यम से शिक्षा, कौशल और रोजगार के बीच मजबूत सेतु स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य सरकार की मंशा है कि प्रदेश के विद्यार्थी महाविद्यालयों से निकलने के बाद रोजगार की प्रतिस्पर्धा में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।
स्नातक के छठवें सेमेस्टर में 60 घंटे की इंटर्नशिप
इंटर्नशिप नीति-2026 के अंतर्गत स्नातक स्तर के विद्यार्थी छठवें सेमेस्टर में 60 घंटे की इंटर्नशिप करेंगे। इसके लिए विद्यार्थियों को विभिन्न उद्योगों, शैक्षणिक प्रतिष्ठानों तथा सामाजिक संगठनों के साथ जुड़कर कार्य करने का अवसर मिलेगा। इससे विद्यार्थी अपने विषय से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान अर्जित करने के साथ कार्यस्थल की आवश्यकताओं, अनुशासन, समय प्रबंधन, संवाद कौशल और सामूहिक कार्यप्रणाली को समझ सकेंगे। यह अनुभव उनके व्यक्तित्व विकास और पेशेवर दक्षता को बढ़ाने में सहायक होगा।
युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित करना
उच्च शिक्षा मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि बदलते वैश्विक परिवेश में शैक्षणिक योग्यता के साथ व्यावहारिक दक्षता का विशेष महत्व है। विद्यार्थियों को अध्ययन के दौरान ही वास्तविक कार्यक्षेत्र से परिचित कराने से उनकी रचनात्मकता, नवाचार क्षमता और निर्णय लेने की योग्यता विकसित होगी। यह पहल युवाओं को रोजगार प्राप्त करने के साथ स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित करेगी।
महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में गठित होंगे इंटर्नशिप सेल
नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय स्तर पर इंटर्नशिप सेल के गठन का प्रावधान किया गया है। ये सेल विद्यार्थियों और संबंधित संस्थानों के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इंटर्नशिप सेल के समन्वयकों को प्रशिक्षित करने के लिए संभागवार कार्यशालाओं के आयोजन की व्यवस्था भी की गई है। नीति के क्रियान्वयन की तैयारियों के प्रथम चरण में 30 अक्टूबर 2026 को विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यों का ऑनलाइन प्रशिक्षण आयोजित किया जा चुका है।
उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच बढ़ेगा समन्वय
इंटर्नशिप नीति से उच्च शिक्षण संस्थानों और उद्योग जगत के बीच आपसी समन्वय को बढ़ावा मिलेगा। विद्यार्थियों को उद्योगों की कार्यप्रणाली, तकनीकी आवश्यकताओं और रोजगार के बदलते अवसरों को समझने का अवसर मिलेगा। वहीं सामाजिक संगठनों के साथ कार्य करने से उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व, संवेदनशीलता और नेतृत्व क्षमता का विकास होगा।
उच्च शिक्षा युवाओं के भविष्य की मजबूत आधारशिला तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध
उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा और संभावनाओं की कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें उचित मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराने की है। राज्य सरकार उच्च शिक्षा को रोजगार एवं कौशल विकास से जोड़कर युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के संकल्प को साकार करना
इंटर्नशिप नीति-2026 छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शैक्षणिक ज्ञान, व्यावहारिक अनुभव और रोजगारपरक दक्षता के समन्वय से प्रदेश में कुशल, आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर युवा पीढ़ी तैयार करने में मदद मिलेगी। यह पहल विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।



