https://www.facebook.com/UttarakhandDIPR
उत्तराखंड

सरस मेला-2023 का शुभारंभ

लोकल उत्पादों को बढ़ावा/बाजार देने के लिए 13 डिस्ट्रिक्ट 13 डेस्टिनेशन

मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार एवं उत्तराखण्ड राज्य विकास ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम्य विकास विभाग उत्तराखण्ड के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित सरस मेला-2023 का शुभारंभ किया। उन्होंने लोकल उत्पादों को बढ़ावा/बाजार देने के लिए 13 डिस्ट्रिक्ट 13 डेस्टिनेशन अंतर्गत चंपावत में हिमाद्री इंपोरियम केंद्र का निर्माण, लोहाघाट में रामलीला मंदिर के समीप सांस्कृतिक मंच का निर्माण और सरस मेले में विभिन्न संसाधनों हेतु विधायक निधि से ₹20 लाख देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि सरस आजीविका मेला अपने आप में विशिष्ट है, क्योंकि इसका स्वरूप जहां एक ओर मेले जैसा है, वहीं यह व्यापारिक और स्वरोजगार के क्षेत्र में कार्य कर रहे युवाओं और महिलाओं को अपने कार्य का प्रदर्शन करने का एक मंच भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के संपूर्ण विकास के लिए जरूरी है कि प्रदेश का प्रत्येक नागरिक अपने दायित्वों का भली भांति निर्वहन करें। आजीविका मेलों के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा दिए गए “आत्मनिर्भर भारत” के मंत्र को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि मेले हमारी एकता एवं संस्कृति को बनाये रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं साथ ही इनसे व्यापारियों, कलाकारों, कारीगरों आदि को परस्पर अनुभवों के आदान-प्रदान में भी सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि सरस मेले में महिला समूहों द्वारा विभिन्न स्टालों का संचालन व गुणवत्तापूर्ण उत्पादों का विपणन आर्थिक सशक्तता की ओर महिलाओं की रुचि को प्रदर्शित करता है। यह इस बात का संकेत है कि महिलाओं को प्रदेश की आर्थिकी से जोड़ने हेतु चलाई जा रही योजनाएं कारगर साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूहों की व्यवसायिक गतिविधियों को गति देने, उनकी आर्थिक सशक्तता बढ़ाने व उन्हें स्थायित्व प्रदान करने के लिए राज्य के सभी 95 विकासखण्डों में “ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना” की शुरूआत की गयी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने हाल में जो “वोकल फॉर लोकल” का नारा दिया है, उसे धरातल पर उतारने हेतु हमारी सरकार प्रतिबद्ध है और इस मेले में प्रदर्शित उत्पाद इसका प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। इस अवसर पर जनपद प्रभारी मंत्री श्रीमती रेखा आर्य, नगर पालिकाध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष बनबसा रेनू अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष निर्मल महरा, प्रदेश मंत्री भाजपा हेमा जोशी, पूर्व दर्जा मंत्री हयात सिंह महरा, शिवराज सिंह समेत भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Advertisement
     

NewsGrid Desk

न्यूज़ ग्रिड उत्तराखंड का एक प्रतिष्ठित व लोकप्रिय न्यूज़ पोर्टल है, हम महत्वपूर्ण खबरों के साथ साथ सरकार की योजनाओं को भी जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।

Related Articles

Back to top button