https://www.facebook.com/UttarakhandDIPR
देश-विदेश

अक्टूबर में बिहार को बड़ी राहत, कुछ इलाकों में हो सकती है हल्की बारिश

बारिश और बाढ़ से इस बार बिहार बेहाल है. नेपाल से आए सैलाब ने हालात को और बेकाबू कर दिया है. उधर, मौसम विभाग ने आने वाले 6 दिनों तक राहत की खबर दी है. इन 6 दिनों में बिहार के अधिकांश इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान नहीं है, लेकिन किशनगंज, अररिया, सुपौल, मधुबनी, सीतामढ़ी, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में कहीं कही बारिश हो सकती है. नवरात्रि के पहले दिन गुरुवार को कुछ इलाकों में बूंदाबांदी का अंदेशा है. मौसम विभाग का कहना है कि 6 अक्टूबर तक कुछ इलाकों में 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा पछुआ और उसके बाद पूर्वा हवा चल सकती है. 

पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने अक्टूबर महीने के लिए मौसम का जो पूर्वानुमान दिया है, उसके हिसाब से बिहार के अधिकांश हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है. दूसरी ओर अधिकांश इलाकों में अक्टूबर में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है. आज की बात करें तो भागलपुर, मुंगेर, बांका, जमुई और लखीसराय में मौसम पूरी तरह साफ रह सकता है. 

मौसम विभाग के अपडेट के हिसाब से 3 सितंबर को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस सीतामढ़ी में दर्ज किेया गया था तो सबसे कम न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस 8 सितंबर को मोतिहारी में दर्ज किया गया था.  

इस बार के मानसून का हिसाब किताब भी सामने आ गया है. मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार में कुल बारिश 798.3 मिलीमीटर दर्ज की गई. बताया जा रहा है कि यह सामान्य से 20 फीसदी कम है. मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की अवधि भले ही बीत गई है, लेकिन अभी इसकी वापसी नहीं हुई है.

Advertisement
     

Related Articles

Back to top button