https://www.facebook.com/UttarakhandDIPR
राजनीति

जम्मू-कश्मीर में अकेले दम पर सरकार बनाने वाले अब कर रहे गठबंधन

जम्मू,। बीजेपी नेता और पूर्व सासंद स्मृति ईरानी ने गुरुवार को जम्मू में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के नेता उमर अब्दुल्ला ने पहले यह दावा किया था कि उनकी पार्टी अपने दम पर सरकार बनाएगी, लेकिन अब वे कांग्रेस के साथ गठबंधन की बात कर रहे हैं। 
ईरानी ने कहा कि बीजेपी ने शुरू से कहा है कि हम जम्मू-कश्मीर में अपने दम पर सरकार बनाएंगे। अब उमर अब्दुल्ला ने अपने पहले के बयान से अपना रुख बदल लिया है। क्या अब उन्हें अपनी हार दिखाई दे रही है? उन्होंने यह भी साफ किया कि बीजेपी ने संसद और सुप्रीम कोर्ट में राज्य का दर्जा बहाल करने की बात की है, जबकि कांग्रेस का रुख आंदोलन का है।
स्मृति ईरानी ने कहा कि धारा 370 के हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में 84 हजार करोड़ रुपए का निवेश आया है और तीन लाख युवाओं को आठ  हजार करोड़ रुपए की वित्तीय मदद दी गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को रोजगार और अन्य लाभ देने के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं, जैसे कि पंडित प्रेमनाथ डोगरा रोजगार योजना और उज्ज्वला योजना। 
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पार्टी बांटने की नीति पर चलती है। मैं लोगों से अपील करती हूं कि वे जम्मू-कश्मीर में विकास और समृद्धि के लिए बीजेपी को वोट दें। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी की योजनाएं डिजिटल शिक्षा, रोजगार और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए केंद्रित हैं, जिसमें विशेष आर्थिक क्षेत्र योजना के तहत जम्मू को आईटी हब बनाने का वादा शामिल है।

Advertisement
     

Related Articles

Back to top button