देश-विदेश

बड़ा रेल हादसा, कोयला लोड मालगाड़ी के 23 डिब्बे डिरेल, बिलासपुर-पेंड्रारोड-कटनी मार्ग पर ट्रेन सेवा ठप

बिलासपुर। जिले के भंनवारटोंक रेलवे स्टेशन में आज एक बड़ा रेल हादसा हुआ है। बिलासपुर से आ रही कोयले से लोड मालगाड़ी के 23 डिब्बे एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए और डिरेल हो गए। इस हादसे के कारण कुछ डिब्बे पलट गए और उनमें भरा कोयला रेलवे ट्रैक पर गिर गया, जिससे रेलवे मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। घटना की जानकारी के अनुसार, यह हादसा आज सुबह 11:11 बजे भंनवारटोंक रेलवे स्टेशन के पास स्थित मरही माता मंदिर सिग्नल के नजदीक हुआ। यह इलाका घने जंगल के बीच स्थित है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन इस दुर्घटना के कारण बिलासपुर-पेंड्रारोड-कटनी रेलवे मार्ग की सभी ट्रेनों का परिचालन ठप हो गया है। रेलवे अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया है और ट्रैक को क्लियर करने की कोशिश की जा रही है।

इस मार्ग की बंदी के चलते कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जा रहा है, जबकि कुछ ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। प्रभावित ट्रेनों की सूची इस प्रकार है:

1. गाड़ी संख्या 12549 (दुर्ग – उधमपुर सुपर फास्ट एक्सप्रेस): परिवर्तित मार्ग दुर्ग – राजनांदगांव – गोंदिया – जबलपुर – कटनी – मुड़वारा होते हुए।
2. गाड़ी संख्या 18242 (अंबिकापुर दुर्ग एक्सप्रेस): रद्द रहेगी।
3. गाड़ी संख्या 18241 (दुर्ग अंबिकापुर एक्सप्रेस): रद्द रहेगी।
4.गाड़ी संख्या 12854 (भोपाल दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस): परिवर्तित मार्ग जबलपुर – गोंदिया – दुर्ग होते हुए।
5. गाड़ी संख्या 12853 (दुर्ग भोपाल अमरकंटक एक्सप्रेस): परिवर्तित मार्ग दुर्ग – गोंदिया – जबलपुर होते हुए।
6. गाड़ी संख्या 15159 (छपरा दुर्ग एक्सप्रेस): परिवर्तित मार्ग जबलपुर – गोंदिया – दुर्ग होते हुए।
7. गाड़ी संख्या 15160 (दुर्ग छपरा एक्सप्रेस): परिवर्तित मार्ग दुर्ग – गोंदिया – जबलपुर होते हुए।
8. गाड़ी संख्या 18477 (पुरी-योगनगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस): परिवर्तित मार्ग बिलासपुर – गोंदिया – जबलपुर – कटनी – मुरवारा होते हुए।
9.गाड़ी संख्या 12549 (दुर्ग – एमसीटीएम (ऊधमपुर) एक्सप्रेस): परिवर्तित मार्ग दुर्ग – गोंदिया – जबलपुर – कटनी – मुरवारा होते हुए।

यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने प्रमुख स्टेशनों पर May I Help You बूथ स्थापित किए हैं, जिनमें बिलासपुर, रायगढ़, अनुपपुर, शहडोल, उसलापुर, दुर्ग, रायपुर और गोंदिया प्रमुख हैं। रेलवे ने सभी यात्रियों को इस असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द ट्रैक को साफ करने का आश्वासन दिया है।

Advertisement
     

Related Articles

Back to top button