https://www.facebook.com/UttarakhandDIPR
उत्तराखंड

ओणी के स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचीं रेखा आर्या, बच्चों के साथ किया भोजन

ओणी गांव के स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्र में गुरुवार को ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कार्यक्रम में किशोरियों, माताओं और बच्चों से संवाद कर उनकी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और परिवारों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार का प्रयास है कि आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर बच्चों को सुरक्षित, स्वस्थ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वस्थ बचपन ही प्रदेश के मजबूत भविष्य की नींव है। बच्चों को बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ किशोरियों और माताओं को भी सरकारी योजनाओं से जोड़ना जरूरी है। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके साथ भोजन भी किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म में भी हिस्सा लिया। महालक्ष्मी किट और किशोरी बालिका योजना के लाभार्थियों को लाभ वितरित किया गया। उत्कृष्ट कार्य के लिए आंगनवाड़ी कार्यकत्री आरती देवी और सहायिका पूनम को सम्मानित किया गया।
रेखा आर्या ने स्मार्ट आंगनवाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली की सराहना की। कार्यक्रम में ग्रामीणों और लाभार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौतम, सीडीपीओ संगीता परिहार, जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल, एसडीएम आशीष घिल्डियाल, ग्राम प्रधान दीपक, सुपरवाइजर किरण राणा, सीमा देवी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मातृशक्ति, किशोरियां और बच्चे मौजूद रहे।

Advertisement
     

Related Articles

Back to top button