उत्तराखंड

स्कूलों में विकसित भारत की तस्वीर उकेरेंगे छात्र, 26 को भाषण और 28 सितंबर को चित्रकला प्रतियोगिता

प्रदेश के राजकीय और निजी विद्यालयों में सेवा संकल्प अभियान के तहत छात्र-छात्राओं की भागीदारी से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत भाषण, चित्रकला, निबंध, रंगोली और युवा संवाद प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। कार्यक्रमों के आयोजन की जिम्मेदारी संबंधित जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को दी गई है।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को प्राथमिक शिक्षा निदेशालय स्थित विद्या समीक्षा केंद्र के सभागार में विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 26 सितंबर को प्रदेश के सभी विद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता और 28 सितंबर को चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राएं चित्रों के माध्यम से विकसित भारत की अपनी परिकल्पना को प्रदर्शित करेंगे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पहले जनपद और फिर राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र के साथ नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

बालिका इंटर कॉलेजों में होगी रंगोली प्रतियोगिता

सेवा संकल्प अभियान के तहत बालिका इंटर कॉलेजों में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक ब्लॉक या विधानसभा क्षेत्र में युवा संवाद कार्यक्रम होगा। अभियान के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन जिलों को भी अलग से पुरस्कृत किया जाएगा।

7 अक्तूबर को स्कूलों में होगा गढ़भोज

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि 7 अक्तूबर को प्रदेश के सभी राजकीय विद्यालयों और छात्रावासों में गढ़भोज कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पीएम पोषण योजना के तहत विद्यार्थियों को पहाड़ी और स्थानीय पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे।

गढ़भोज के माध्यम से विद्यार्थियों को उत्तराखंड की पारंपरिक खान-पान संस्कृति और स्थानीय उत्पादों से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

उच्चीकृत विद्यालयों में इसी सत्र से शुरू होंगी कक्षाएं

समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री ने नवीन उच्चीकृत विद्यालयों में इसी शैक्षणिक सत्र से कक्षाओं का संचालन शुरू करने और विद्यार्थियों के प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के आगणन शासन को जल्द उपलब्ध कराने को कहा।

समग्र शिक्षा के तहत विद्यार्थियों को मिलने वाली निशुल्क स्कूल ड्रेस, जूते और बैग की धनराशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में जल्द भेजने के निर्देश भी दिए गए। मंत्री ने छात्रों को भारत दर्शन और राज्य दर्शन कार्यक्रम के तहत शैक्षणिक भ्रमण पर भेजने की तैयारियां भी समय से शुरू करने को कहा।

बैठक में अपर सचिव विद्यालयी शिक्षा नमामि बंसल, महानिदेशक शिक्षा आकांक्षा कोंडे, निदेशक माध्यमिक वीपी सिमल्टी, निदेशक प्राथमिक केएस रावत, उप निदेशक जेपी काला, मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून गोविंद राम जायसवाल समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। अन्य जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button