देश-विदेश

13 से शुरू होंगे भाजपा चुनाव, शक्ति केंद्र प्रभारी की मौजूदगी में तय होंगे नाम

भोपाल। भाजपा के संगठन चुनाव का पहला चरण 13 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इसको लेकर मंडलों में कार्यशालाएं हो गई हैं। शक्ति केंद्र प्रभारी की मौजूदगी में चुनाव होंगे। बताया जा रहा है कि पार्टी का मूड इस बार सामाजिक समीकरणों को साधते हुए अपनी बूथ की टोली तैयार करना है।
भाजपा का शक्ति केंद्र बूथ के ऊपर एक महत्वपूर्ण इकाई के रूप में काम करता है। एक शक्ति केंद्र में 4 से 5 बूथ होते हैं। संगठन के चुनाव कार्यक्रम के अनुसार सबसे पहले बूथ अध्यक्ष का चुनाव कर बूथ की समिति, यानी टोली बनाना है। बुधवार से शुरू होने वाली चुनाव प्रक्रिया में अधिकांश बूथ अध्यक्षों की जगह नए बूथ अध्यक्ष का चुनाव करवाने का विचार है। लंबे समय से काम कर रहे अध्यक्षों के स्थान पर सामाजिक समीकरण को लेकर भी अध्यक्ष बनाने के प्रयास किए जाएंगे। जिस बूथ पर जिस समाज का वर्चस्व है, वहां उसे प्राथमिकता दी जा सकती है। अध्यक्ष सहित 12 लोगों की समिति में इसका ध्यान रखने को विशेष तौर पर कहा गया है।

Advertisement
     

Related Articles

Back to top button