पर्यटन

सेवा संकल्प अभियान में स्वास्थ्य सेवाओं का नया अध्याय, स्वास्थ्य मंत्री ने जरौंधा में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का किया शुभारंभ, ग्रामीणों को अब स्थानीय स्तर पर मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा….

रायपुर: सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई। छत्तीसगढ़ शासन के आयुष्मान आरोग्य मंदिर अंतर्गत जनपद पंचायत खड़गवां के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जरौंधा का शुभारंभ लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत खड़गवां की अध्यक्ष श्रीमती श्याम बाई मरकाम ने की।

शुभारंभ समारोह में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ममता सिंह, जनपद पंचायत खड़गवां के उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह करियाम, जनपद सदस्य श्रीमती रामवती पोया एवं ग्राम पंचायत जरौंधा के सरपंच प्रदीप कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे, जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात रिबन काटकर आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जरौंधा का विधिवत शुभारंभ किया गया। मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य केन्द्र के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, आवश्यक व्यवस्थाओं एवं सेवाओं का जायजा लिया।

सामान्य उपचार और स्वास्थ्य जांच के लिए नहीं जाना पड़ेगा दूर
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, सहज और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रारंभ होने से जरौंधा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य जांच, उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधा गांव के नजदीक उपलब्ध होने से ग्रामीणों को सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूरस्थ क्षेत्रों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी। इससे समय और संसाधनों की बचत के साथ लोगों को आवश्यकता के समय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को गांवों तक पहुंचाने के साथ ही लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति ने बांधा समां
शुभारंभ समारोह में जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा द्वारा मनमोहक छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ी प्रस्तुति ने समारोह में विशेष आकर्षण जोड़ा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आनंद लिया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई गति
आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जरौंधा के शुभारंभ से जनपद पंचायत खड़गवां क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिली है। स्वास्थ्य केन्द्र के प्रारंभ होने से जरौंधा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य सुविधा को गांव के करीब पहुंचाने की यह पहल ग्रामीणों के लिए उपयोगी साबित होगी। समारोह में जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की गरिमामय उपस्थिति रही।

Related Articles

Back to top button