उत्तराखंड

MDDA बोर्ड की बैठक में 25 विकास प्रस्तावों को मंजूरी, लैंड पूलिंग से होटल-पर्यटन परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की 114वीं बोर्ड बैठक में शहर और आसपास के क्षेत्रों के विकास से जुड़े 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई। गढ़वाल आयुक्त एवं एमडीडीए अध्यक्ष आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में हुई बैठक में लैंड पूलिंग, पर्यटन, होटल, औद्योगिक भवन, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट निर्माण से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए।

बैठक में सबसे बड़ा फैसला विकासनगर के कल्याणपुर (परगना पछवादून) स्थित एमडीडीए की लैंड पूलिंग योजना को लेकर लिया गया। बोर्ड ने योजना के तहत खरीदी गई भूमि के प्रथम चरण के लिए तैयार तलपट का भू-उपयोग नियमानुसार निःशुल्क परिवर्तित किए जाने के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी।

पर्यटन और निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से होटल, पर्यटन इकाइयों, औद्योगिक भवनों, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट निर्माण से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर भी बोर्ड ने सहमति जताई। अधिकारियों को सभी परियोजनाओं पर नियमानुसार और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

एमडीडीए का मानना है कि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से देहरादून और मसूरी क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और आधुनिक शहरी सुविधाओं का विस्तार होगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में सभी विकास कार्य तकनीकी मानकों और नियामकीय प्रावधानों के अनुरूप ही किए जाएंगे।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि बोर्ड के फैसले क्षेत्र के संतुलित और नियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे। वहीं, सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि सभी स्वीकृत प्रस्तावों को पारदर्शिता के साथ तय समयसीमा में लागू किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button