उत्तराखंडफीचर्ड न्यूज़शिक्षासामाजिक
Trending

डिजिटल क्रांति में जिम्मेदारी से ही बचेगी साख : सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी

*डिजिटल दौर की पत्रकारिता पर पद्मश्री डॉ. संजय का तंज- ‘फास्ट फूड जैसी हो गई हैं खबरें’*

*डिजिटल क्रांति में जिम्मेदारी से ही बचेगी साख : सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी*

*देहरादून में गूंजा फेक न्यूज का मुद्दा, देवभूमि पत्रकार यूनियन के मंच से दिग्गजों ने चेताया*

*देवभूमि पत्रकार यूनियन का पत्रकारिता दिवस पर भव्य आयोजन, वरिष्ठ पत्रकारों और समाजसेवियों का हुआ सम्मान*

देहरादून : उत्तराखंड के पत्रकारों के सबसे बड़े और अग्रणी संगठन देवभूमि पत्रकार यूनियन (पंजी.) ने इस साल भी पत्रकारिता दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य और विचारोत्तेजक समारोह का आयोजन किया। उत्तरांचल प्रेस क्लब के खचाखच भरे सभागार में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर राज्य के तमाम दिग्गज पत्रकार, राजनेता और समाजसेवी एक मंच पर जुटे।

इस साल के आयोजन का मुख्य एजेंडा बेहद समसामयिक और गंभीर रखा गया था। ‘डिजिटल युग में पत्रकारिता की विश्वसनीयता एवं फेक न्यूज की चुनौती’ विषय पर केंद्रित इस गोष्ठी में सूचनाओं के बेकाबू प्रवाह और गिरते स्तर पर गहरी चिंता जताई गई। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे देश के प्रख्यात चिकित्सक, समाजसेवी और पद्मश्री डॉ. बी.के.एस. संजय ने आज के मीडिया परिदृश्य पर बेबाक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर की पत्रकारिता बिल्कुल ‘फास्ट फूड’ की तरह हो चुकी है, जो बहुत ज्यादा फास्ट है. जल्दबाजी और सबसे पहले दिखाने की इस अंधी होड़ में खबरों की गहराई, फैक्ट-चेक और सत्यता कहीं पीछे छूटती जा रही है, जो समाज के लिए घातक है।

वहीं कार्यक्रम के दूसरे मुख्य अतिथि सूचना महानिदेशक और वीसी एमडीडीए बंशीधर तिवारी ने तकनीकी बदलावों के बीच जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाया।उन्होंने साफ कहा कि डिजिटल क्रांति ने भले ही सूचनाओं के प्रसार को सुपरफास्ट बना दिया हो, लेकिन इसके समानांतर भ्रामक खबरों यानी फेक न्यूज का ग्राफ भी खतरनाक तरीके से बढ़ा है। तिवारी ने जोर देकर कहा कि ऐसे संकट के समय में समाज के प्रति जवाबदेही और सिर्फ तथ्यपरक पत्रकारिता ही मीडिया की साख को बचा सकती है।

कार्यक्रम में सियासी और प्रशासनिक हलकों से भी कई बड़े नाम शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में शामिल राज्यमंत्री अशोक वर्मा, राज्यमंत्री श्रीमती विनोद उनियाल और कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने भी मंच से अपने विचार साझा किए।

विषय वक्ता के तौर पर बोलते हुए राज्यमंत्री डॉ. देवेंद्र भसीन, पूर्व सूचना आयुक्त योगेश भट्ट और उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के तकनीकी पहलुओं और उनके सामाजिक प्रभावों पर बारीकी से रोशनी डाली। इसके अलावा पंडित सुभाष जोशी और इंजीनियर विनोद कुमार नौटियाल ने भी सत्र को संबोधित करते हुए अपने सुझाव रखे।

इस मौके पर देवभूमि पत्रकार यूनियन ने अपनी परंपरा को निभाते हुए समाज और पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कई विभूतियों का नागरिक अभिनंदन किया।

सम्मानित होने वाली शख्सियतों में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) एकताशक्ति के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दत्त शर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे। इनके साथ ही प्रदेशभर से आए दर्जनभर पत्रकार संगठनों के वरिष्ठ पत्रकारों और प्रबुद्ध समाजसेवियों को पारंपरिक अंग वस्त्र, मोतियों की माला और विशेष स्मृति चिन्ह देकर मंच से नवाजा गया।

इस पूरे भव्य आयोजन की अध्यक्षता देवभूमि पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल वर्मा ने की, जबकि मंच का कुशल संचालन प्रदेश महासचिव डॉ. वी.डी.शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रदेश कोषाध्यक्ष शशिकांत मिश्रा, जिला अध्यक्ष हरीश खनेडा, जिला महासचिव नवीन जोशी, जिला कोषाध्यक्ष रजत शर्मा समेत उत्तराखंड के कोने-कोने से आए सैकड़ों पत्रकारों की मौजूदगी रही।

NewsGrid Desk

न्यूज़ ग्रिड उत्तराखंड का एक प्रतिष्ठित व लोकप्रिय न्यूज़ पोर्टल है, हम महत्वपूर्ण खबरों के साथ साथ सरकार की योजनाओं को भी जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button