https://www.facebook.com/UttarakhandDIPR
उत्तराखंड

Nainital Rape Case : सीएम धामी ने पीड़िता के परिवार से वार्ता कर, दिलाया न्याय का भरोसा, सख्त कार्रवाई के लिए अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश…

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल दुष्कर्म मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता के परिवार से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें गहरी सांत्वना प्रदान की। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़िता और उसके परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को निर्देश दिए कि पीड़िता के परिवार को आवश्यक सुरक्षा एवं सभी प्रकार की प्रशासनिक सहायता तत्परता से उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि मामले में त्वरित जांच और शीघ्र न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस अमानवीय कृत्य करने वाले अपराधी को कठोर दंड दिलवाएगी, हम सब पीड़िता के साथ पूरी संवेदना के साथ खड़े हैं। जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी पीड़िता और उसके परिवार से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और सुरक्षा का भरोसा दिलाया है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी ने पीड़िता को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने के लिए प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिए तथा समाज कल्याण अधिकारी को बच्ची को अनुमन्य आर्थिक सहायता की प्रक्रिया पूरी कर कल तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पीड़िता के परिवार को बताया गया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य सरकार की ओर से पीड़ित बालिका और उसकी बहन की समुचित शिक्षा की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि बच्ची का भविष्य सुरक्षित हो सके।

जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि नैनीताल में कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और पर्यटकों के लिए नैनीताल पूर्ण रूप से सुरक्षित है। शहर का माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement
     

Related Articles

Back to top button