https://www.facebook.com/UttarakhandDIPR
उत्तराखंड

Uttarakhand News: श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी! केदारनाथ यात्रा होगी अब और भी आसान, यात्रा में मिलेंगी ये खास सुविधाएं, जानिए सरकार ने क्या किया खास…

उत्तराखंड: चारधाम यात्रा पर देश-विदेश से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा सुखद और सुगम हो, इसके लिए राज्य सरकार और प्रशासन लगातार नए प्रयास कर रहा है। केदारपुरी में बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को अब फ्री वाईफाई की सुविधा उपलब्ध होगी। शनिवार को इसका सफल ट्रायल होने के बाद यह सुविधा श्रद्धालुओं को समर्पित कर दी गई है। श्रद्धालुओं ने इस पर खुशी जाहिर करते हुए सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी डॉ. सौरभ गहरवार की पहल पर आपदा की दृष्टि से अति संवेदनशील रुद्रप्रयाग जनपद में एक अलग मोबाइल नेटवर्क स्थापित किया गया है। इस नेटवर्क को “डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर रिसोर्स नेटवर्क” नाम दिया गया है। यह नेटवर्क न केवल आपदा, बल्कि किसी भी विकट परिस्थिति में भी लगातार संचालित रहेगा।

इसके साथ ही मोबाइल डाटा, वॉयस कॉलिंग और हाई क्वालिटी सीसीटीवी विजुअल्स की सुविधा भी उपलब्ध है। इसी रिसोर्स नेटवर्क के तहत श्रद्धालुओं को अब फ्री वाईफाई की सुविधा मिलने जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ जीएस खाती ने बताया कि वाईफाई का फायदा उठाने के लिए वाईफाई सेटिंग पर जाकर अपना मोबाईल नंबर पंजीकृत करना होगा, जिसके बाद एक ओटीपी मोबाइल नंबर पर आएगा। इसे भरने के बाद आधे घंटे तक हाई स्पीड वाईफाई का लाभ उठाया जा सकता है।

रुद्रप्रयाग देश का पहला जनपद बन गया है, जिसके पास अपना अलग और संपूर्ण मोबाइल नेटवर्क है। जुलाई 2024 में केदारनाथ पैदल मार्ग पर आई आपदा के दौरान जब अन्य मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह ठप हो गए थे, तब ऐसी नेटवर्क व्यवस्था यात्रियों, मजदूरों और रेस्क्यू टीमों के लिए जीवन रेखा बनी थी। इससे रास्ते में फंसे लोगों ने अपने घरों से संपर्क किया और राहत एवं बचाव कार्यों में भी अत्यंत मदद मिली थी।

Advertisement
     

Related Articles

Back to top button