देश-विदेश

ब्राज़ील में सुप्रीम कोर्ट में दाखिल ना होने पर एक व्यक्ति ने खुद को बम से उड़ाया

ब्राजील: ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट में घुस पाने में असफल रहे एक व्यक्ति ने बुधवार को इमारत के बाहर विस्फोट कर, खुद को खत्म कर लिया. प्राधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि घटना के बाद न्यायाधीशों और कर्मचारियों ने इमारत खाली कर दी और बाहर आ गए. एहतियातन, गुरुवार को ब्राजीली संसद बंद रहेगी. ब्राजील में यह घटना ऐसे वक्त में हुई है जब कुछ दिनों बाद वहां G20 शिखर सम्मेलन होने वाला है. ब्राजील ने अगले सप्ताह रियो डी जेनेरियो में होने वाले G20 शिखर सम्मेलन से पहले सुरक्षा कड़ी कर दी है. इसमें भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सहित दुनिया भर के नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है.

सुप्रीम कोर्ट में धमाकों की आवाज
ब्राजील के उच्चतम न्यायालय ने एक बयान में कहा कि सत्र समाप्त होने के बाद शाम को करीब 7:30 PM दो बार तेज धमाकों की आवाज सुनी गई और सभी न्यायाधीश तथा कर्मचारी सुरक्षित रूप से भवन से बाहर निकल गए. अग्निशमन कर्मियों ने राजधानी ब्रासीलिया में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो जाने की पुष्टि की, हालांकि मृतक की पहचान नहीं की जा सकी.

संसद बंद करने का सुझाव
ब्राजील के संघीय जिले की लेफ्टिनेंट गवर्नर सेलिना लियो ने कहा कि संदिग्ध ने पहले संसद की पार्किंग में एक कार में विस्फोटक लगाया था, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ. लीओ ने जोखिमों से बचने के लिए गुरुवार को संसद बंद करने का सुझाव दिया. ब्राजील की सीनेट ने उनकी बात मान ली और निचला सदन दोपहर तक बंद रहेगा.

ब्रासीलिया के थ्री पॉवर्स प्लाजा में उच्चतम न्यायालय के बाहर लगभग 20 सेकंड के अंतराल पर विस्फोट हुए, इस स्थान पर उच्चतम न्यायालय, संसद और राष्ट्रपति भवन सहित ब्राजील की मुख्य सरकारी इमारतें स्थित हैं.

Advertisement
     

Related Articles

Back to top button