https://www.facebook.com/UttarakhandDIPR
उत्तराखंड

Uttarakhand News: गुजरात हादसे में गढ़वाल राइफल्स के दो जवानों समेत परिजनों की मौत, CM धामी ने जताया शोक….

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुजरात के कच्छ में हुए भीषण सड़क हादसे में गढ़वाल राइफल्स के दो जवानों एवं उनके परिवारों के सदस्यों के असामयिक निधन पर गहरा दुःख एवं संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि इस दुर्घटना का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है. यह हृदय विदारक घटना मन को भीतर तक झकझोर देने वाली है और इस असहनीय पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है.

सीएम ने कहा कि पूरा उत्तराखण्ड इस दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है. मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है.

बता दें कि ये हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे खावड़ा-भुज हाईवे पर हुआ. जिसमें एक आर्मी परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हुई है. बताया जा रहा है कि परिवार अपनी कार से खावड़ा से भुज जा रहा थे, तभी कार सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकरा गई. ये आर्मी परिवार दिवाली की छुट्टियों में उत्तराखंड से कच्छ आया था.

हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए. हादसे में तीन बच्चों, दो महिलाओं और दो पुरुषों समेत कुल सात लोगों की मौत हुई है. हादसे की खबर मिलते ही आस-पास मौजूद लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी. जिसके बाद सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भुज के जीके जनरल हॉस्पिटल ले जाया गया. शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक परिवार आर्मी में सेवारत है. घटना की खबर मिलते ही आर्मी के अधिकारी तुरंत जीके जनरल हॉस्पिटल पहुंचे.

Advertisement
     

Related Articles

Back to top button