https://www.facebook.com/UttarakhandDIPR
उत्तराखंड

देहरादून चिड़ियाघर में पर्यटकों के दीदार को आया सफेद बाघ तेजस।

मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में अब पर्यटक सफेद बाघ तेजस को भी देख सकेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को बाघ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी चिड़ियाघर में निशुल्क प्रवेश देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का नया अवसर मिलेगा। देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिवर्ष करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं, जबकि इससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। उत्तराखंड में पहली बार इस तरह का सफेद बाघ लाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां और पर्यावरणीय संवेदनशीलता इसे प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से चुनौतीपूर्ण बनाती हैं। ऐसे में विकास के साथ पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच सामंजस्य बनाकर आगे बढ़ रही है। प्रदेश की वन संपदा और जैव विविधता अनमोल धरोहर हैं। इनका संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि चिड़ियाघर केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम भी है। यहां बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है। पहले बच्चों के लिए निशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी। अब कॉलेज विद्यार्थियों को भी निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा, ताकि वे वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण से जुड़े विषयों की व्यावहारिक जानकारी हासिल कर सकें।

Advertisement
     

Related Articles

Back to top button