https://www.facebook.com/UttarakhandDIPR
उत्तराखंड

कुंभ-2027 पर नजर, हरिद्वार में पहली बार हुई धामी कैबिनेट की बैठक

धर्मनगरी हरिद्वार में सोमवार को पहली बार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई। बैठक से पहले मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पर मां गंगा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की गई। गंगा पूजन के बाद मुख्यमंत्री और सभी मंत्री मेला नियंत्रण भवन पहुंचे, जहां मंत्रिमंडल की बैठक हुई।
हरिद्वार में कैबिनेट बैठक का आयोजन वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कुंभ के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं के विस्तार, श्रद्धालुओं की सुविधा और विकास कार्यों पर सरकार का विशेष ध्यान है।
बैठक में कुंभ-2027 की तैयारियों से जुड़े विषयों के साथ प्रदेश के विकास और विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। सरकार की ओर से प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और जनहित से जुड़े निर्णयों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
हरिद्वार में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित करने को शासन की कार्यप्रणाली जनता के करीब ले जाने की पहल के रूप में भी देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने इससे पहले कहा था कि जनता से जुड़े फैसले जनता के बीच जाकर लेने और शासन व्यवस्था को अधिक जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से हरिद्वार में बैठक आयोजित की गई है।
कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच हुई इस बैठक पर धार्मिक नगरी की व्यवस्थाओं और प्रदेश की विकास योजनाओं को लेकर नजरें टिकी रहीं।

Advertisement
     

Related Articles

Back to top button