
बाल वैज्ञानिकों के नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक करोड़ रुपये देंगे धामी
उत्तराखंड में विज्ञान शिक्षा और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। साथ ही प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में लैब ऑन व्हील्स स्थापित की जाएगी। विद्यालयों की विज्ञान प्रयोगशालाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जोड़ने के साथ ही विद्यार्थियों को रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान देने पर भी जोर रहेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने शुक्रवार को बागेश्वर के मंडलसेरा स्थित विवेकानंद इंटर कॉलेज में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) की ओर से आयोजित पांचवें सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए उन्हें सवाल पूछने, नए विचारों पर काम करने और प्रयोग करने के अवसर देना जरूरी है।
छह पर्वतीय जिलों के 240 बाल वैज्ञानिक ले रहे हिस्सा
महोत्सव में प्रदेश के छह पर्वतीय जिलों चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के 240 चयनित बाल वैज्ञानिक प्रतिभाग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाएं सुनीं और सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
धामी ने विद्यार्थियों से पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी जिज्ञासा बनाए रखते हुए नए विचारों और प्रयोगों के माध्यम से प्रतिभा को निखारना चाहिए।
विज्ञान शिक्षा में आधुनिक तकनीक पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में लैब ऑन व्हील्स स्थापित होने से विद्यार्थियों को आधुनिक प्रयोगशाला सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। राज्य की स्टेम प्रयोगशालाओं को एआई से जोड़ने के साथ विद्यालयों में रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा सभी जिलों में विज्ञान एवं नवाचार केंद्र स्थापित करने और महिला विकास व विज्ञान विषय पर सम्मेलन आयोजित करने की बात भी कही।
पांच शिक्षकों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान विज्ञान शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच शिक्षकों कविता हरकोटिया, दीप चंद्र जोशी, हरिमोहन ऐठानी, संगम साह और ख्याली दत्त को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
इस अवसर पर बागेश्वर विधायक पार्वती दास, कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया, दायित्वधारी शिव सिंह बिष्ट और भूपेश उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, जिलाधिकारी अपूर्वा पांडेय, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार और विद्यालय के प्रधानाचार्य अव्वल सिंह तोपाल सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।


