
राजधानी देहरादून में भाजपा पार्षद के घर लूट
देहरादून 30 सितंबर 2026:देहरादून के बसंत विहार थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर काम करने वाले एक नौकर ने पूरे परिवार को खाने में नशीला पदार्थ देकर लाखों रुपये के नकदी और गहनों पर हाथ साफ कर दिया।
नेपाल मूल के आरोपी भारत थापा को मात्र बीती 20 दिन पहले ही दिल्ली की एक एजेंसी के माध्यम से खाना बनाने के लिए रखा गया था। घटना की रात उसने पार्षद, उनके पति और बेटे के खाने में बेहोशी की दवा मिला दी। खाना खाने के बाद पूरा परिवार गहरी और बेसुध नींद में सो गया। आधी रात को जब पार्षद को तबीयत खराब और चक्कर महसूस हुआ, तो उन्होंने उठकर परिवार के अन्य सदस्यों को देखा, जो अचेत अवस्था में थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और सभी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। जाँच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के बाद घर के सभी सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए थे, हालांकि खाना परोसने से पहले का फुटेज पुलिस के हाथ लग गया है जिसमें आरोपी नौकर खाना तैयार करता दिख रहा है।
इस घटना में मकान मालिक की एक बड़ी लापरवाही भी सामने आई है, क्योंकि उन्होंने काम पर रखने से पहले नौकर का स्थानीय पुलिस थाने में सत्यापन नहीं कराया था। फिलहाल, पुलिस दिल्ली की उस एजेंसी से भी संपर्क साध रही है जिसके जरिए नौकर को हायर किया गया था और आरोपी की तलाश में कई टीमों को रवाना कर दिया गया है।
यह घटना सभी के लिए एक बड़ी चेतावनी है कि घर में किसी भी नए कामगार को रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अवश्य करवाएं।



