उत्तराखंड

Uttarakhand News: अल्मोड़ा के दन्या में सीएम धामी का जनसभा संबोधन, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास की गति तेज; कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों और नई योजनाओं की घोषणाएं….

देहरादून. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा के दन्या स्थित रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास एवं समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और उत्तराखण्ड भी तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय दन्या में 4.96 करोड़ की लागत से निर्मित भवन का लोकार्पण किया.

सीएम धामी ने शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर अल्मोड़ा में भव्य द्वार का निर्माण, चमतोला खेल मैदान का निर्माण, राजकीय महाविद्यालय गरुड़ाबाँज में मिनी स्टेडियम का निर्माण, जीआईसी गरुड़ाबांज में चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण, प्रेम मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर स्थल का सौंदर्यीकरण, खेती जटेश्वर मोटर मार्ग के कचौरी नामक स्थान से कलूटा पोलिंग बूथ तक मोटर मार्ग निर्माण और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चगेठी के उच्चीकरण की घोषणा की.

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है. उत्तराखण्ड को वैश्विक स्तर पर आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि केदारखंड और मानसखंड में पर्यटन गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक राज्य में पहुंच रहे हैं.

उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम के मूल स्वरूप को संरक्षित रखते हुए जागेश्वर मास्टर प्लान के माध्यम से वहां विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं. पार्किंग क्षमता बढ़ाने के साथ ही धाम को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धामों के संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है. आयुर्वेद एवं योग आधारित पर्यटन के क्षेत्र में भी व्यापक कार्य किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन फेस्टिवल’ की अवधारणा के तहत मेलों और स्थानीय सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान दी जा रही है.

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयास से प्रदेश का समग्र विकास हो रहा है. उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button