https://www.facebook.com/UttarakhandDIPR
उत्तराखंड

Uttarakhand News: ‘तीर्थ यात्रियों को न हो कोई परेशानी’, सीएम धामी बोले- ट्रांजिट कैम्प में मिल रही सभी सुविधाएं, विदेशी यात्रियों के लिए बनाए गए अलग से काउंटर….

देहरादून। ऋषिकेश में चारधाम यात्रा प्रशासन संगठन की ओर से यात्रा ट्रांजिट कैम्प का संचालन किया जा रहा है। जिसमें यात्रियों को पंजीकरण से लेकर स्वास्थ्य परीक्षण और निःशुल्क भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। ट्रांजिट कैम्प पर विदेशी तीर्थ यात्रियों के पंजीकरण के लिए अलग से काउंटर बनाए गए हैं। चार जून को ब्रिटेन के रहने वाले थॉमस चारों धामों की यात्रा के लिए पंजीकरण कराने ट्रांजिट कैम्प पहुंचे। उन्होंने आसान पंजीकरण प्रक्रिया के साथ ही यात्रा मार्ग की समस्त जानकारी मिलने पर खुशी व्यक्त की।

देश-विदेश के तीर्थ यात्री शामिल हो रहे:-

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यात्रा ट्रांजिट कैम्प में अब तक 8486 विदेशी तीर्थ यात्रियों का पंजीकरण हो चुका है। चारधाम यात्रा में देश-विदेश के तीर्थ यात्री शामिल हो रहे हैं। सरकार सभी तीर्थ यात्रियों को हर संभव सुविधा और सहायता प्रदान कर रही है, ताकि यात्री देवभूमि उत्तराखण्ड से सुखद अनुभूति लेकर जाएं। इसके लिए यात्रा प्रशासन को हर वक्त अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।

30 मई को ताइवान के 17 लोगों का दल भी गंगोत्री – यमुनोत्री धाम के दर्शन के लिए ट्रांजिट कैम्प पहुंचा। दल में कई यात्री साठ साल से अधिक उम्र के भी थे, जिन्होंने ऋषिकेश स्थित पंजीकरण केंद्र पर ही यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किए जाने को सराहा है। इसी तरह रूस से आए राहुल और तुषार ने 19 मई को बदरीनाथ धाम की यात्रा की।

कनाडा से आए रितुराज कालरा और अमेरिका से आए रविंदर भट्टी ने भी बदरीनाथ धाम की यात्रा की। उन्होंने विदेशी नागरिकों के लिए अलग से पंजीकरण केंद्र बनाए जाने की प्रशंसा करते हुए साफ-सफाई और स्थानीय प्रशासन के व्यवहार की प्रशंसा की। अमेरिका निवासी कुलेश करन और देविशा कुलेश करन भी गंगोत्री और बदरीनाथ धाम की यात्रा के लिए पहुंची, उन्होंने भी यात्रा प्रशासन के प्रयासों को सराहा है।

यात्रा ट्रांजिट कैम्प ऋषिकेश में 24 काउंटर के जरिए यात्रियों का पंजीकरण हो रहा है। यहां 03 शिफ्ट में दिन-रात पंजीकरण होता है, 35 मोबाइल टीमें लगाई गई हैं, 06 पंजीकरण काउंटर आईएसबीटी ऋषिकेश में हैं। 11 हजार यात्रियों को यात्रा अस्पताल में उपचार मिल चुका है। 04 पंजीकरण काउंटर श्री गुरुद्वारा साहिब हेमकुंट, ऋषिकेश में भी लगाए गए हैं।

Advertisement
     

Related Articles

Back to top button