https://www.facebook.com/UttarakhandDIPR
Uncategorized

तेजी के साथ बंद हुआ शेयर बाजार; सेंसेक्स 694 अंक चढ़ा, निफ्टी 24200 पार

वैश्विक शेयर बाजारों में मजबूती के रुख के बीच मंगलवार को बैंकिंग, इस्पात और तेल व गैस सेक्टर के शेयरों में देर से हुई खरीदारी से सेंसेक्स शुरुआती नुकसान से उबरकर 694 अंक की तेजी के साथ बंद हुआ। इस दौरान रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 84.11 रुपये (अनंतिम) पर स्थिर रहा।

कैसी रही मंगलवार को बाजार की चाल?

सोमवार की तेज गिरावट से उबरते हुए बीएसई सेंसेक्स 694.39 अंक या 0.88 प्रतिशत उछलकर 79,476.63 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 740.89 अंक या 0.94 प्रतिशत बढ़कर 79,523.13 पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी 217.95 अंक या 0.91 प्रतिशत चढ़कर 24,213.30 पर पहुंच गया।

शेयर बाजार कमजोर रुख के साथ खुले और पहले हाफ में नकारात्मक रुझान के साथ एक सीमा में कारोबार होता दिखा। सेंसेक्स ने 78,296.70 का निचला स्तर छुआ जबकि निफ्टी ने 23,842.75 को छुआ। दोपहर के सत्र में वैल्यू खरीदारी ने सूचकांकों को नुकसान से उबरने में मदद की और हरे निशान में बंद हुआ।

जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयरों में पांच फीसदी की तेजी

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से जेएसडब्ल्यू स्टील में करीब 5 फीसदी की तेजी आई जबकि टाटा स्टील में करीब 4 फीसदी की उछाल आई। एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट भी बड़ी बढ़त वाले शेयरों में शामिल रहे।

अदाणी पोर्ट्स, आईटीसी, भारती एयरटेल और एशियन पेंट्स पिछड़ने वालों में शामिल थे। एशियाई बाजारों में टोक्यो, शंघाई और हांगकांग सकारात्मक दायरे में बंद हुए, जबकि सियोल में गिरावट रही।

यूरोपीय बाजार में दर्ज की गई बढ़त, अमेरिकी बाजार में गिरावट

यूरोपीय बाजार में बढ़त दर्ज की गई। सोमवार को अमेरिकी बाज़ार गिरावट के साथ बंद हुए। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 4,329.79 करोड़ रुपये मूल्य की इक्विटी बेची।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.60 प्रतिशत बढ़कर 75.53 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। सोमवार को बीएसई का बेंचमार्क सूचकांक 941.88 अंक या 1.18 प्रतिशत गिरकर 78,782.24 पर बंद हुआ था, जो 6 अगस्त के बाद का सबसे निचला बंद स्तर है। निफ्टी 309 अंक या 1.27 प्रतिशत गिरकर 23,995.35 पर बंद हुआ था।

Advertisement
     

Related Articles

Back to top button