उत्तराखंड

26वीं राज्य जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन, 720 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय 26वीं उत्तराखंड राज्य जूनियर (अंडर-14, 16, 18 और 20) एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों और संस्थाओं से करीब 720 एथलीटों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले और एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) के निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले खिलाड़ियों का चयन 14 से 16 सितंबर तक देहरादून में होने वाली 37वीं नॉर्थ जोन जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक गुरफूल सिंह और विशिष्ट अतिथि उत्तराखंड एथलेटिक्स चयन समिति के अध्यक्ष विजेंद्र चौधरी ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और मेरिट प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान उत्तराखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष संदीप शर्मा, सचिव केजेएस कलसी, कोषाध्यक्ष एमसी शाह और टेक्निकल कमेटी के चेयरमैन हीरालाल यादव मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के संचालन में स्पोर्ट्स कॉलेज के वरिष्ठ कोच लोकेश कुमार के नेतृत्व में निर्णायकों ने भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में परिणाम और समय की सटीकता के लिए राष्ट्रीय स्तर की फोटो फिनिश प्रणाली और मीट मैनेजर का भी इस्तेमाल किया गया।
प्रमुख विजेताओं में अंडर-14 बालक वर्ग के ट्रायथलॉन ए में देहरादून के पारस रजवार, ट्रायथलॉन बी में प्रत्युष शर्मा, ट्रायथलॉन सी में हरिद्वार के शुभम और किड्स जैवलिन में स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रत्युष शर्मा रहे। अंडर-16 में 60 मीटर में ऊधमसिंह नगर के मयंक कुशवाहा, 600 मीटर में हरिद्वार के रिहान, 80 मीटर हर्डल में देहरादून के अभिषेक तथा हाई जंप में ऊधमसिंह नगर के दीप दिगारी ने पहला स्थान हासिल किया।
अंडर-18 बालक वर्ग में 100 मीटर में नैनीताल के अर्णब गोस्वामी, 200 मीटर में चंपावत के संजय सिंह, 110 मीटर हर्डल में ड्रीम ओलंपिक स्पोर्ट्स अकादमी के विक्रांत और 5000 मीटर रेस वॉक में चमोली के तनिश ठाकुर विजेता रहे। अंडर-20 में 100 मीटर में देहरादून के आहिल अली, 200 व 400 मीटर में उत्तरकाशी के पंकज खत्री, 3000 मीटर में हरिद्वार के बादल, 3000 मीटर स्टीपलचेज में देहरादून के आदर्श यादव तथा जैवलिन थ्रो में देहरादून के आर्यन खत्री ने बाजी मारी।
बालिका वर्ग में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 ट्रायथलॉन ए में देहरादून की अग्रिम, ट्रायथलॉन बी में ऊधमसिंह नगर की दिव्या और किड्स जैवलिन में खटीमा स्टेडियम की ज्योति जोशी विजेता रहीं। अंडर-16 में 60 मीटर में देहरादून की प्रियजा, 600 मीटर में आरना चौहान तथा 80 मीटर हर्डल व हाई जंप में खटीमा की दिव्या ने प्रथम स्थान हासिल किया।
अंडर-18 बालिका वर्ग में 100 व 200 मीटर में देहरादून की दीपांशी तोमर, 400 मीटर में चमोली की महक और 100 मीटर हर्डल में देहरादून की वेदांशी चौहान विजेता रहीं। अंडर-20 में 100 मीटर में पौड़ी गढ़वाल की सोनिया, 200 व 400 मीटर में देहरादून की तनीषा भट्ट, 3000 मीटर में चंपावत की सोनी, 100 मीटर हर्डल में ऊधमसिंह नगर की जसकिरण कौर, 5000 मीटर में उत्तरकाशी की रोशनी कलुरा, शॉटपुट में पिथौरागढ़ की भावना और जैवलिन थ्रो में रुद्रप्रयाग की खुशी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
केजेएस कलसी, सचिव, उत्तराखंड एथलेटिक्स संघ एवं आयोजन सचिव ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी निर्णायकों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और सहयोगियों का आभार जताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button