उत्तराखंड

स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी संगठनों ने उठाई OPS बहाली समेत नौ सूत्रीय मांगें

स्वास्थ्य महानिदेशालय देहरादून में चिकित्सा विभाग के विभिन्न संवर्गों के अधिकारी-कर्मचारी संगठनों के प्रांतीय पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में लंबे समय से लंबित सामूहिक मांगों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। PMHS एसोसिएशन, मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ एसोसिएशन, मिनिस्ट्रीयल हेल्थ, डिप्लोमा फार्मेसी एसोसिएशन, नर्सिंग एसोसिएशन, LT संवर्ग समेत अन्य संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में जनपदों के जिला चिकित्सालयों को निकटतम मेडिकल कॉलेज के दृष्टिगत अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव का विरोध करते हुए अस्पतालों को यथावत संचालित रखने की मांग की गई। इसके साथ ही सुगम और दुर्गम क्षेत्रों में तैनाती व स्थानांतरण के लिए पारदर्शी और न्यायसंगत व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया गया।
पदाधिकारियों ने विभिन्न संवर्गों के लंबित कैडर पुनर्गठन, पदों के पुनर्निर्धारण और पदोन्नति संबंधी मामलों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की। डिप्लोमा फार्मेसी संवर्ग के पूर्व निर्धारित पदों का पुनर्निर्धारण, स्वास्थ्य संस्थानों में IPHS मानकों के अनुसार मानव संसाधन की उपलब्धता और स्वीकृत पदों के अनुरूप तैनाती की मांग भी उठाई गई।
बैठक में कर्मचारियों के गोल्डन कार्ड की समस्याओं का समाधान कर कैशलेस चिकित्सा सुविधा को प्रभावी बनाने तथा पुरानी पेंशन योजना (OPS) को पुनः बहाल करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। सभी सेवा संबंधी मामलों में निर्धारित नियमों और स्थानांतरण अधिनियम का पूर्ण पालन किए जाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में सभी विभागीय संगठनों को एकजुट कर महासंगठन बनाने पर भी विचार किया गया। पदाधिकारियों ने सामूहिक मांगों को एक मजबूत मंच से शासन के समक्ष रखने और उनके शीघ्र समाधान के लिए आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ने पर सहमति जताई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button