उत्तराखंड

धामी सरकार का पेंशन पर बड़ा दांव, 9.91 लाख लाभार्थियों को मिली 147 करोड़ की राशि

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को अपने कैंप कार्यालय से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अगस्त माह की पेंशन किस्त का वन-क्लिक के माध्यम से भुगतान किया। इस दौरान प्रदेश के 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के खातों में 147 करोड़ 5 लाख 51 हजार रुपये की पेंशन राशि हस्तांतरित की गई। वहीं, अगस्त माह में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन भी स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ सरलता और समयबद्ध तरीके से मिले। उन्होंने अधिकारियों को पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को नियमित रूप से पेंशन का भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन पात्र लाभार्थियों का किसी कारणवश आधार नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिह्नित कर अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था की जाए, ताकि आधार संबंधी समस्या के कारण कोई पात्र व्यक्ति पेंशन से वंचित न रहे।
केंद्रांश 6.94 करोड़, राज्यांश 140.11 करोड़
समाज कल्याण विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अगस्त-2026 में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाओं के 9,91,914 लाभार्थियों के लिए कुल 147 करोड़ 5 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।
इनमें 2,14,711 लाभार्थी राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के अंतर्गत तथा 7,77,203 लाभार्थी राज्य स्तर पर आच्छादित हैं। अगस्त माह के भुगतान में करीब 140 करोड़ 11 लाख रुपये राज्यांश और 6 करोड़ 94 लाख रुपये केंद्रांश शामिल है।
वृद्धावस्था पेंशन में सबसे अधिक नए लाभार्थी
अगस्त माह में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत कुल 5,605 नई पेंशन स्वीकृत की गई हैं। इनमें:
वृद्धावस्था पेंशन—3,945
विधवा पेंशन—1,000
दिव्यांग पेंशन—416
किसान पेंशन—106
परित्यक्ता पेंशन—23
भरण-पोषण अनुदान—115
लाभार्थी शामिल हैं।
कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री खजानदास, समाज कल्याण सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी, अपर सचिव विक्रम यादव, संयुक्त सचिव धीरेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल, सहायक निदेशक हेमलता पांडेय समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button